कुम्हारी। पिछले 6-7 महीनों से नगर पालिका की पार्किंग में सक्रिय साइकिल चोर आखिरकार पकड़ा गया है। खास बात यह है कि इस चोर को किसी और ने नहीं, बल्कि नगर पालिका के ही कर्मचारियों ने अपनी सतर्कता से आज शनिवार (9 मई 2026) सुबह करीब 7 बजे रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी को पकड़ने के बाद तुरंत पुलिस को सूचना देकर उनके सुपुर्द कर दिया गया है। पकड़े जाने के समय आरोपी अत्यधिक नशे की हालत में था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 मई 2026 को आयोजित जन समस्या निवारण शिविर के दौरान एक कर्मचारी की साइकिल स्टैंड से चोरी हो गई थी। जब सीसीटीवी (CCTV) फुटेज की जांच की गई, तो उसमें सुबह 9:45 बजे एक अज्ञात व्यक्ति साइकिल ले जाते हुए साफ नजर आया। इस फुटेज के आधार पर नगर पालिका के लोग लगातार उस संदिग्ध पर नजर रखे हुए थे। आज सुबह जैसे ही वह व्यक्ति दोबारा पार्किंग क्षेत्र में दाखिल हुआ, वहां मौजूद कर्मचारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे धर-दबोचा।
पार्किंग क्षेत्र से पिछले कुछ महीनों में कुल 7 साइकिलें और 1 बाइक चोरी होने की जानकारी सामने आई है। बाइक तो पहले ही बरामद कर ली गई थी, लेकिन साइकिलों की चोरी का सिलसिला थम नहीं रहा था। अब तक कुल 6 साइकिलें चोरी हो चुकी हैं, जिनमें से 4 साइकिलें नगर पालिका के कर्मचारियों की हैं और 2 साइकिलें आम नागरिकों की हैं। दरअसल, कई आम नागरिक अपनी रोजमर्रा की जरूरतों और नौकरी के लिए साइकिल पार्किंग में खड़ी कर आगे रायपुर की ओर चले जाते हैं, चोर इन्हीं साइकिलों को अपना निशाना बनाता था।

पकड़े गए आरोपी के पास से एक बोरी और कुछ औजार भी बरामद हुए हैं, जिनका उपयोग वह लॉक तोड़ने और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के लिए करता था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने नशे की हालत में अपना नाम संतोष साहू बताया है, हालांकि उसकी पहचान के संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
नगर पालिका प्रशासन और कर्मचारियों की इस तत्परता के बाद अब पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्यवाही कर रही है। यह उम्मीद जताई जा रही है कि पूछताछ में पिछले 6-7 महीनों में चोरी हुई अन्य साइकिलों का भी पता चल सकेगा। आरोपी पर आगे क्या कानूनी कार्यवाही होती है, यह पुलिस की आगामी जांच और आधिकारिक अपडेट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
