कुम्हारी। दुर्ग पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। कुम्हारी पुलिस ने खारून नदी रेलवे ब्रिज के पास घेराबंदी कर एक व्यक्ति को दबोचा, जिसके पास से एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार 5 मई को कुम्हारी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सफेद प्लास्टिक की बोरी में अवैध हथियार और नकदी लेकर खारून नदी के पास रेलवे ब्रिज के नीचे खड़ा है और उसे बेचने की फिराक में है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में तत्काल एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुँचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसे मुस्तैद जवानों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान अविनाश आष्टिकर (53 वर्ष), निवासी कबीर नगर, रायपुर के रूप में हुई है।
तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से पुलिस ने निम्नलिखित सामग्री बरामद की:

हथियार: 01 नग लोहे का देशी कट्टा एवं 01 नग जिंदा कारतूस।
नकदी: 2,00,000 रुपये (दो लाख रुपये)।
मोबाइल: 01 नग वीवो कंपनी का हैंडसेट।

आरोपी के पास हथियारों और नकदी से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज नहीं पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने सामान को विधिवत जब्त कर लिया।
कुम्हारी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 00/2026 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी हथियार कहाँ से लाया था और यह नकदी किस स्रोत से आई है।
सराहनीय भूमिका: > इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक (उनि) पुरूषोत्तम कुर्रे, सहायक उपनिरीक्षक (सउनि) सुभाष बोरकर, आरक्षक जी. किरण, फनेश्वर गंगराले, विकास शेण्डे और राजेश ध्रुव का विशेष योगदान रहा।
