नगर विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं — डिकेश पटेल
कुम्हारी। कुम्हारी नगर पालिका के वार्ड 1, 10 और 14 में हाल ही में बनी सड़कें भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती नजर आ रही हैं। निर्माण के महज एक महीने के भीतर ही सड़कों की गिट्टियां उखड़ने लगी हैं, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। घटिया निर्माण को लेकर वार्डवासियों और जनप्रतिनिधियों का गुस्सा फूट पड़ा है।
कुम्हारी पालिका क्षेत्र में लाखों रुपये की लागत से सी.सी. रोड का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें वार्ड क्रमांक 1 में अशोक पटेल के घर से काशीराम सोनकर के घर तक 9.50 लाख, वार्ड क्रमांक 10 में गुजराती भवन से स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल तक 29.08 लाख तथा वार्ड क्रमांक 14 में पीएमश्री स्कूल से सोनकर भवन तक 23.86 लाख की लागत से सड़कें बनाई जा रही हैं।
आरोप है कि इन सभी सड़कों के निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है और कार्य पूरी तरह घटिया व गुणवत्ताहीन है।
वार्ड क्रमांक 1 के निवासियों का आरोप है कि सड़क निर्माण को अभी एक महीना भी नहीं बीता है और उसकी गिट्टियां उखड़ने लगी हैं। मानकों को दरकिनार कर सड़क की मोटाई काफी कम रखी गई है, साथ ही सीमेंट की तुलना में रेत और गिट्टी का इस्तेमाल अधिक किया गया है।

स्थानीय महिलाओं का कहना है कि झाड़ू लगाने पर ही सड़क की रेत उधड़कर बाहर आ रही है, जो घटिया निर्माण की पोल खोलती है। निवासियों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और सड़क का पुननिर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराने की मांग की है।
वार्ड 10 में भी घटिया निर्माण का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। सड़क की गिट्टियां उखड़ने से गड्ढे होने लगे हैं और गाड़ियों की आवाजाही से धूल का गुबार उड़ रहा है।
वार्ड क्रमांक 14 में बनी सड़क को लेकर पार्षद लेखराम साहू ने सीएमओ को पत्र लिखकर शिकायत की है कि हाई स्कूल और पानी टंकी के सामने हाल ही में निर्मित सी.सी. रोड से धूल उड़ रही है तथा निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण नहीं हुआ है। उन्होंने मांग की है कि इसके भुगतान की राशि को रोका जाए और निर्माण स्थल का निरीक्षण किया जाए।

पार्षद ने बताया कि यह बस्ती को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। सड़क का निर्माण हुए अभी महज एक महीना ही बीता है और इतने कम समय में ही इसकी दुर्दशा हो चुकी है।
लोक निर्माण प्रभारी पार्षद डिकेश पटेल ने भी नगर पालिका परिषद कुम्हारी के वार्ड क्रमांक 1, 10 एवं वार्ड क्रमांक 14 में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने बताया कि सड़कों पर गिट्टी उखड़कर ऊपर आने एवं धूल उड़ने की शिकायत के संबंध में उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष, अधिकारियों एवं इंजीनियर को पहले ही अवगत करा दिया था। इसके बावजूद एक माह बीत जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होना गंभीर लापरवाही है।

डिकेश पटेल ने कहा कि गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदारों एवं लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए। यदि समस्या का तत्काल निराकरण नहीं किया गया, तो इस मामले की शिकायत जिला कलेक्टर एवं संबंधित मंत्री जी से की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नगर का विकास केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देना चाहिए। जनता के पैसों से होने वाले निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और जवाबदेही अनिवार्य है।
वार्डवासियों और जनप्रतिनिधियों की शिकायतों के बाद अब यह देखना बाकी है कि मामले की निष्पक्ष जांच कब तक होती है और प्रशासन इस घटिया निर्माण के खिलाफ क्या कड़े कदम उठाता है।

