स्टेशन चौक ओवरब्रिज के पास मौत को दावत दे रही लापरवाही

हमारे WhatsApp Group से जुड़ें 👉 Join Now

बीच सड़क पर खड़ी बसें बन रही हैं ‘ब्लाइंड स्पॉट’

कुम्हारी। रायपुर-दुर्ग मार्ग पर स्थित कुम्हारी के स्टेशन चौक ओवरब्रिज के नीचे इन दिनों यातायात व्यवस्था भगवान भरोसे है। यहाँ सड़क के बीचों-बीच सवारी बसों के अनियंत्रित ढंग से खड़े होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा चरम पर पहुँच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह लापरवाही किसी बड़ी अनहोनी को खुला निमंत्रण दे रही है।

रायपुर और कुम्हारी बस्ती की ओर से आने वाले वाहनों को रेलवे स्टेशन की तरफ से आने वाली गाड़ियाँ दिखाई नहीं देतीं। इसका मुख्य कारण सड़क पर बेतरतीब खड़ी रहने वाली ‘शर्मा’ और ‘चाहल’ जैसी ट्रैवल कंपनियों की बसें हैं। बसों के कारण बने इस ब्लाइंड स्पॉट की वजह से वाहन चालक अचानक एक-दूसरे के सामने आ जाते हैं, जिससे आए दिन छोटी-मोटी दुर्घटनाएं हो रही हैं।

विडंबना यह है कि इसी स्टेशन चौक ओवरब्रिज के नीचे आए दिन जनप्रतिनिधियों और विभिन्न राजनीतिक पार्टियों का विरोध प्रदर्शन, स्वागत अभिनंदन या रैलियां आयोजित होती रहती हैं। इसके बावजूद, सड़क की इस गंभीर समस्या और आम जनता की जान को खतरे में डालने वाले इन ‘ब्लाइंड स्पोर्ट्स’ की ओर किसी भी जिम्मेदार का ध्यान नहीं है।

सड़क पर बसों के इस जमावड़े से सभी लोग बेहद परेशान हैं। विशेष रूप से रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों और स्थानीय निवासियों के लिए यह चौराहा पार करना किसी चुनौती से कम नहीं है। ओवरब्रिज के नीचे बसों के खड़े रहने से न केवल रास्ता जाम रहता है, बल्कि तेज रफ्तार गाड़ियों के बीच पैदल चलने वालों की जान भी हर वक्त जोखिम में रहती है।

हैरानी की बात यह है कि व्यस्ततम इलाका होने के बावजूद इन बसों पर लगाम कसने वाला कोई नहीं है। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि प्रशासन को तुरंत इस ओर ध्यान देना चाहिए और निर्धारित बस स्टॉप के अलावा सड़क पर कहीं भी बस खड़ी करने पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।

error: Content is protected !!