दरवाजा तोड़कर पुलिस ने आरोपी को मौके से दबोचा, भेजा गया जेल।
कुम्हारी। दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 04 (महामाया पारा/खदान पारा) में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अवैध संबंध के शक में 24 वर्षीय आरोपी घनश्याम यादव ने अपनी पत्नी दुर्गा यादव (24 वर्ष) पर धारदार हंसिया (परसुल) से ताबड़तोड़ वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने मृतका की खून से लथपथ तस्वीर अपने व्हाट्सएप्प स्टेटस पर लगाई और दोस्तों को वॉयस नोट भेजकर हत्या करने की बात कबूलते हुए जेल जाने की बात कही। घटना के समय दंपति का 5 महीने का मासूम बच्चा भी उसी कमरे में मौजूद था।
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी और प्रार्थी ईश्वर यादव (आरोपी के भाई) द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी घनश्याम यादव अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद रहता था।
आरोपी गुस्सैल स्वभाव का है, अक्सर नशे में रहता था और पिछले 8-10 दिनों से काम पर भी नहीं जा रहा था। सुबह 02 अगस्त को प्रातः लगभग 08:15 बजे आरोपी ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और पत्नी दुर्गा पर हंसिया (परसुल) से हमला कर दिया।
आरोपी का व्हाट्सएप्प स्टेटस देखने के बाद सुबह जब परिजनों और आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई, तो उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन आरोपी ने दरवाजा नहीं खोला और अंदर ही बड़बड़ाता रहा। इसके बाद मामले की सूचना तत्काल कुम्हारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजा तोड़ा।
कमरे के अंदर जमीन पर दुर्गा यादव का खून से लथपथ शव पड़ा था और पास ही आरोपी हाथ में वही हंसिया लिए बैठा था। कमरे में 5 महीने का मासूम बच्चा भी मौजूद था।
छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा ने बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी घनश्याम यादव को हिरासत में ले लिया और घटना में प्रयुक्त खून से सना धारदार हथियार (हंसिया/परसुल) जप्त कर लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
