कुम्हारी। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं स्थानीय व्यापारी संघ के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को कुम्हारी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को एक ज्ञापन सौंपा गया। इसकी प्रतिलिपि जिला कलेक्टर (दुर्ग), पुलिस अधीक्षक (दुर्ग) तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग अधिकारी (दुर्ग) को भी आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित की गई है।
ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया कि स्टेशन चौक एक अत्यंत व्यस्त सार्वजनिक चौराहा और मुख्य मार्ग है, जहाँ से प्रतिदिन सैकड़ों महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों का आवागमन होता है। वर्तमान में स्टेशन चौक से भिलाई हाईवे रोड पर कई लोगों द्वारा बिना वैध लाइसेंस और सुरक्षा नियमों के खुलेआम मांस, मटन एवं मुर्गे की दुकानों का संचालन किया जा रहा है। इन अवैध दुकानों के कारण क्षेत्र में यातायात, स्वच्छता और जनस्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।
संगठन एवं व्यापारियों ने नगर पालिका से मांग की है कि इस स्थल को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और इन दुकानदारों को किसी उपयुक्त स्थान पर व्यवस्थित (पुनर्वासित) किया जाए, ताकि वे नियमानुसार अपना जीवन-यापन कर सकें।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने शीघ्र ही नियमानुसार उचित व्यवस्था बनाने का आश्वासन दिया है। पुलिस अधीक्षक ने आश्वस्त किया कि हाईवे पर यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं होने दिया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर त्वरित कार्यवाही की जाएगी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी दुकानों के लाइसेंस की जांच की जाएगी। नियमों या स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर लाइसेंस निरस्त कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस पहल को कुम्हारी नगर पालिका अध्यक्ष, भाजपा पार्षदों और स्टेशन चौक के व्यापारी बंधुओं का पूर्ण समर्थन प्राप्त हुआ है।
