हत्या के प्रयास का मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
कुम्हारी। रक्षाबंधन के ठीक एक दिन पहले कुम्हारी थाना क्षेत्र के शांतिनगर इलाके में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पात्रा तालाब स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास गुरुवार दोपहर पुरानी रंजिश या किसी मामूली विवाद के चलते एक युवक पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। त्यौहार के माहौल के बीच हुई इस खूनी वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, शांतिनगर निवासी लोकेश साहू उर्फ मनीष अपने दोस्तों के साथ मंदिर परिसर के पास मौजूद था। इसी दौरान दोपहर लगभग 3 बजे आरोपी भोला यादव उर्फ ढेरू अपने अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद के दौरान आरोपी भोला यादव ने अचानक अपने पास छिपाकर रखा चाकू निकाल लिया और हत्या करने की नियत से लोकेश पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया।
आरोपियों ने युवक के पेट और दोनों हाथों की भुजाओं पर लगातार 5 से 6 वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी होकर खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों और दोस्तों की मदद से घायल लोकेश को लहूलुहान हालत में शासकीय अस्पताल कुम्हारी पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद युवक की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल रायपुर एम्स रेफर कर दिया। वर्तमान में एम्स में उसका इलाज जारी है। रक्षाबंधन के पर्व से ठीक पहले हुई इस वारदात से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मामले की सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस हरकत में आ गई है।
पुलिस ने आरोपी भोला यादव उर्फ ढेरू और उसके साथी के खिलाफ हत्या के प्रयास के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
