कुम्हारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लापरवाही का आरोप
कुम्हारी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुम्हारी एक बार फिर अपनी अव्यवस्थाओं को लेकर चर्चा में है। ताजा मामला एक सड़क दुर्घटना में घायल हुए व्यक्ति से जुड़ा है, जिसे उपचार के लिए देर रात अस्पताल लाया गया था। परिजनों का आरोप है कि आपातकालीन स्थिति में भी अस्पताल में कोई जिम्मेदार चिकित्सक या नर्स मौजूद नहीं थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक दो कुम्हारी निवासी जनक लाल साहू जो पेशे से आइसक्रीम विक्रेता हैं एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए थे। उन्हें रात करीब 12 बजे उपचार के लिए कुम्हारी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। परिजनों ने वीडियो बनाकर आरोप लगाए कि जब वे अस्पताल पहुंचे, तो वहां न तो कोई डॉक्टर मौजूद था और न ही कोई नर्स।

आरोप है कि घायल की ड्रेसिंग भी सही तरीके से नहीं की गई। जो कंपाउंडर वहां मौजूद था, उसने उचित उपचार करने के बजाय परिजनों से सीधे कह दिया कि “जहाँ ले जाना है, ले जाओ।” वीडियो में देखा जा सकता है कि घायल व्यक्ति के शरीर पर चोट के निशान हैं और परिजन अस्पताल के सूने गलियारों में मदद के लिए गुहार लगा रहे हैं। परिजनों ने बताया कि दुर्घटना के वक्त जनल लाल इतने घबराए हुए थे कि वे वाहन का नंबर नहीं देख पाए, जिसके कारण फिलहाल एफआईआर (FIR) दर्ज कराने में उन्हें कठिनाई आ रही है।
इस घटना ने एक बार फिर सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यप्रणाली और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों में इस बात को लेकर रोष है कि यदि दुर्घटना के समय अस्पतालों में ऐसी ही स्थिति रही, तो मरीजों की जान बचाना मुश्किल होगा।
नोट: यह जानकारी पीड़ित पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों और प्राप्त वीडियो साक्ष्यों पर आधारित है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
