कुम्हारी। नगर पालिका परिषद कुम्हारी द्वारा पानी टैंकर शुल्क में भारी वृद्धि किए जाने की खबर सामने आ रही है। इसके विरोध में पार्षद लेखराम साहू ने नगर पालिका परिषद के इस निर्णय को जनता पर आर्थिक बोझ डालने वाला करार देते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है।
पार्षद लेखराम साहू ने विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि भाजपा शासित नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती मीना वर्मा और उनके पीआईसी सदस्यों द्वारा जनता पर एक और अतिरिक्त आर्थिक बोझ लाद दिया गया है। घरेलू पानी टैंकर का किराया जो पहले 400 रुपये था, उसे बढ़ाकर सीधा 800 रुपये कर दिया गया है, यानी इसमें 100 प्रतिशत की भारी वृद्धि की गई है।
उन्होंने आगे लिखा है कि घर निर्माण हेतु पानी टैंकर शुल्क, जो पहले 600 रुपये था, उसे बढ़ाकर 1000 रुपये कर दिया गया है। हालांकि, शोक कार्यक्रम के लिए इस श्रेणी में टैंकर का शुल्क 100 रुपये ही रखा गया है, इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।
पार्षद ने आरोप लगाया कि नगर पालिका परिषद कुम्हारी का यह फैसला पूरी तरह से जनविरोधी है। पहले से ही आम जनता बढ़े हुए घर टैक्स और कचरा शुल्क से परेशान है, ऐसे में पानी जैसी बुनियादी जरूरत पर 100 प्रतिशत शुल्क बढ़ाना जनता पर अतिरिक्त प्रहार है।
गर्मी के दिनों में जब पानी की भारी किल्लत होती है, तब टैंकर ही गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का मुख्य सहारा होते हैं। ऐसे में शुल्क को दोगुना करना जनविरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
उन्होंने मांग की है कि पानी टैंकर शुल्क में की गई इस 100 प्रतिशत वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। तथा जनता को पूर्व की भांति पुरानी दरों पर ही पानी टैंकर उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही, नगर पालिका अध्यक्ष मीना वर्मा जनता के सामने स्पष्ट करें कि किस आधार पर ये दरें तय की गई हैं।
पार्षद लेखराम साहू ने चेतावनी दी है कि यदि यह जनविरोधी निर्णय जल्द वापस नहीं लिया गया, तो वे आम जनता को साथ लेकर नगर पालिका कार्यालय का घेराव करने और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
