कुम्हारी। नगर पालिका परिषद कुम्हारी क्षेत्र में इस वर्ष गणेश उत्सव के लिए लगाए जाने वाले पंडालों पर शुल्क वसूल किए जाने के विरोध में शुक्रवार को ब्लॉक युवा कांग्रेस और नगर की समस्त गणेश पंडाल समितियों द्वारा मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि गणेश उत्सव करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था व धार्मिक भावना से जुड़ा पर्व है, ऐसे में समितियों पर अतिरिक्त आर्थिक भार डालना अनुचित है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि पंडालों से किसी भी प्रकार की कर अथवा शुल्क वसूली तत्काल बंद की जाए, धार्मिक आयोजनों को आर्थिक भार से मुक्त रखा जाए तथा अनुमति व अन्य प्रक्रियाओं में आयोजकों को अनावश्यक परेशान न किया जाए।
मामले में मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेतराम चंद्राकर ने स्पष्ट किया कि वे शासन व प्रशासन द्वारा प्राप्त आदेशों का ही पालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव का आयोजन नियमों के दायरे में रहकर ही किया जाए तथा किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैले।
वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष मीना वर्मा ने इस विषय पर आश्वासन देते हुए कहा कि पूरी टीम बैठकर इस पर विचार-विमर्श करेगी और गणेश उत्सव आयोजकों पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त या अनुचित भार नहीं पड़ने दिया जाएगा।
इस दौरान देवानंद साहू, प्रमोद सिंह राजपूत, मनहरण यादव, लेखराम साहू, किशोर सोनकर, गिरीश देवांगन, युवराज पटेल, दुर्गा राव, नितेश सोनी, बॉबी यादव, लालू यादव, देओल सिंह, धनराज और रामकुमार चक्रधारी सहित ब्लॉक युवा कांग्रेस व गणेश समितियों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
