कुम्हारी। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुम्हारी थाना पुलिस ने डीएमसी तालाब के पास घेराबंदी कर गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे दो नाबालिगों (विधि से संघर्षरत बालकों) को पकड़ा है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक तालाब के पास गांजा बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं।
सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से 1.368 किलोग्राम गांजा और 1,000 रुपये नगद बरामद हुए, जिसकी कुल कीमत लगभग 68,400 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत मामला दर्ज कर दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया। किशोर न्याय अधिनियम (JJ Act) के कानूनी प्रावधानों और गोपनीयता के नियमों का पालन करते हुए पुलिस द्वारा पकड़े गए दोनों नाबालिगों के नाम और उनकी तस्वीरें उजागर नहीं की गई हैं।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
