अधिक दाम पर खाद बेचने वाला दुकान संचालक गिरफ्तार, भेजा गया जेल

हमारे WhatsApp Group से जुड़ें 👉 Join Now

कुम्हारी (दुर्ग): शासन द्वारा तय दरों से अधिक कीमत पर यूरिया और अन्य उर्वरक बेचने वाले एक दुकान संचालक के खिलाफ कुम्हारी पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी ऋषभ राज फर्टिलाइजर के संचालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई किसानों की शिकायत पर फर्टिलाइजर निरीक्षक की जांच रिपोर्ट के बाद की गई है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुम्हारी स्थित ‘ऋषभ राज फर्टिलाइजर’ के संचालक मनीष गुप्ता (50 वर्ष) द्वारा किसानों को सरकारी दर से ज्यादा दाम पर यूरिया और अन्य खाद बेचने की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के आधार पर फर्टिलाइजर निरीक्षक सरिता साहू ने जांच दल के साथ 13 जून को प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान दुकान संचालक द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर उर्वरक बेचने के पुख्ता साक्ष्य प्राप्त हुए थे।


जांच रिपोर्ट के आधार पर फर्टिलाइजर निरीक्षक ने थाना कुम्हारी में लिखित आवेदन सौंपा, जिसके तहत पुलिस ने आरोपी मनीष गुप्ता के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 18 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


इस कार्रवाई के बाद दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों और किसानों से अपील की है कि यदि कोई भी विक्रेता शासन द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद या अन्य आवश्यक सामग्री बेचता है, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग या पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

error: Content is protected !!