विवाद में मारपीट के बाद ट्रक चालक की मौत, हाईवा चालक गिरफ्तार

हमारे WhatsApp Group से जुड़ें 👉 Join Now

दुर्ग। टोल प्लाजा कुम्हारी के पास वाहन खड़ा करने को लेकर हुए मामूली विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। ट्रक चालक के साथ मारपीट करने और उसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत होने के मामले में कुम्हारी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हाईवा चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या (अपराधिक मानव वध) का मामला दर्ज किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 10 जून 2026 की है। दुर्ग-रायपुर मार्ग पर कुम्हारी टोल प्लाजा के पास ट्रक (क्रमांक HR 38 Z 3022) के चालक ने कटिंग से यू-टर्न लेते हुए अपनी गाड़ी खड़ी की थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक हाईवा (क्रमांक CG 04 LB 9345) के चालक ने वाहन खड़ी करने की बात को लेकर आपत्ति जताई।
देखते ही देखते दोनों चालकों के बीच विवाद बढ़ गया और तैश में आकर हाईवा चालक ने ट्रक चालक के साथ हाथ-मुक्कों से बुरी तरह मारपीट कर दी।

मारपीट की इस घटना के बाद ट्रक चालक की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।

उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर कुम्हारी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। साक्ष्यों और फुटेज के विश्लेषण से यह साफ हो गया कि हाईवा चालक ने ही मृतक के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद उसकी मौत हुई।
जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने पाया कि यह मामला सीधे तौर पर हत्या का नहीं, बल्कि ‘हत्या की श्रेणी में न आने वाले अपराधिक मानव वध’ का है। इसके बाद पुलिस ने थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 170/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के अंतर्गत मामला दर्ज किया।

पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी का नाम: देव कुमार साहू (37 वर्ष), निवासी ग्राम भूसरेंगा, पोस्ट बेलौदी, थाना रनचिरई, जिला बालोद।
जब्ती: पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए हाईवा वाहन (CG 04 LB 9345) और वारदात से जुड़े सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

error: Content is protected !!