मिनीमाता स्टेडियम का टेंडर होने से स्थानीय खिलाड़ी अभ्यास से वंचित
कुम्हारी। शुक्रवार को नगर पालिका परिषद कुम्हारी के स्थानीय क्रिकेट युवा खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने शहर में खेल सुविधाओं की कमी को लेकर मुख्य नगरपालिका अधिकारी को एक औपचारिक आवेदन सौंपा है। युवाओं का कहना है कि शहर में खेल प्रेमियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए उपयुक्त खेल मैदान की बेहद सीमित सुविधा है।
ज्ञापन के अनुसार, स्थानीय युवा पिछले कई वर्षों से मिनीमाता क्रिकेट स्टेडियम में खेला करते थे। हालांकि, मैदान के जीर्णोद्धार के बाद इसे टेंडर के रूप में आवंटित कर दिया गया है। इसके कारण नगर के स्थानीय युवा खिलाड़ी वहां खेलने और अभ्यास करने से पूरी तरह वंचित हो गए हैं।
मैदान न होने की वजह से खिलाड़ियों को या तो महंगी निजी अकादमियों पर निर्भर रहना पड़ रहा है या फिर उन्हें अपने अभ्यास से समझौता करना पड़ रहा है।
युवाओं ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी से मिनीमाता स्टेडियम को स्थानीय खिलाड़ियों के अभ्यास और टूर्नामेंट के लिए पुनः उपलब्ध कराने का विनम्र अनुरोध किया है। युवाओं का मानना है कि इस कदम से स्थानीय खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और टूर्नामेंट आयोजित करने की बेहतर सुविधा मिलेगी। स्कूल और कॉलेज के छात्रों को खेल गतिविधियों में खुलकर भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। साथ ही शहर के भीतर खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं का स्वास्थ्य बेहतर होगा।
क्रिकेट युवा साथियों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया है कि यदि इस प्रक्रिया के लिए किसी भी प्रकार के औपचारिक दस्तावेज या कानूनी कागजी कार्रवाई की आवश्यकता होगी, तो वे उसे पूरा करने के लिए तैयार हैं।
अब देखना यह होगा कि नगर पालिका प्रशासन स्थानीय युवाओं के स्वास्थ्य और खेल भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस पर कितनी जल्दी सहानुभूतिपूर्वक विचार कर ठोस कदम उठाता है।
