सुनील स्टनर और व्हाइट टाइगर में होगी खिताबी भिड़ंत
कुम्हारी प्रीमियर लीग (KPL) सीजन-3 का शानदार फाइनल मुकाबला कल यानी रविवार, 31 मई को मिनीमाता स्टेडियम में खेला जाएगा। यह खिताबी मुकाबला सुबह 8:00 बजे से शुरू होगा। आयोजन समिति के सदस्य मुकेश पटेल, सुमित खोडियार, लेखराम साहू, लक्की निर्मलकार और विकास शुक्ला ने बताया कि फाइनल की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस प्रतियोगिता में विजेता टीम को चमचमाती ट्रॉफी के साथ 1 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 25 हजार और चौथे स्थान की टीम को 15 हजार रुपये मिलेंगे। इसके साथ ही बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर और बेस्ट फील्डर जैसे कई आकर्षक व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
इस सीजन की सबसे बड़ी जंग के लिए सुनील स्टनर और व्हाइट टाइगर की टीमें आमने-सामने होंगी। पूरे टूर्नामेंट में अपने शानदार खेल के दम पर फाइनल में जगह बनाने वाली ये दोनों टीमें इस महामुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार हैं। दोनों ही टीमों में बेहतरीन खिलाड़ियों की भरमार है, जिससे कल सुबह मिनीमाता स्टेडियम में दर्शकों को एक बेहद रोमांचक और यादगार मैच देखने को मिलेगा।
