पूछताछ में हुआ था खुलासा
कुम्हारी। नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दुर्ग पुलिस को सोमवार को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पिछले कुछ दिनों से फरार चल रहे मुख्य गांजा तस्कर टिकनु नायक (48) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कुम्हारी थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 2 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली थी कि कुगदा रोड स्थित सार्थक होम्स के पास दो व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को मौके से दबोच लिया था। उनके पास से 4 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ था, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 5 हजार रुपये आंकी गई है। इसके बाद दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा गया था।
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में कुम्हारी पुलिस को बताया था कि जब्त गांजा उन्हें इंदिरा कॉलोनी पोटिया रोड निवासी टिकनु नायक ने उपलब्ध कराया था। इस खुलासे के बाद से ही पुलिस आरोपी टिकनु की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी बीच, सोमवार 6 जुलाई को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य सप्लायर टिकनु नायक को धर दबोचा।