कुम्हारी। रविवार को स्थानीय स्तर पर आयोजित सिल्वर गोल्ड आइकन कप कुम्हारी सीजन 1 का रोमांचक फाइनल मुकाबला महामाया लायंस और थंडर स्ट्राइकर कुम्हारी के बीच खेला गया, जिसमें महामाया लायंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए थंडर स्ट्राइकर कुम्हारी को 21 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
केवल गोल्ड और सिल्वर श्रेणी के खिलाड़ियों के बीच खेले गए इस फाइनल मैच में महामाया लायंस की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 69 रन बनाए। इसके जवाब में उतरी थंडर स्ट्राइकर कुम्हारी की टीम 10 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 48 रन ही बना सकी।
मैच में बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले महामाया लायंस के गजेंद्र सिन्हा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस सफल आयोजन के मुख्य आयोजक सूरज सोनकर और घनश्याम सिन्हा थे।
प्रतियोगिता में विजेता रही महामाया लायंस को 40,000 रुपये, उपविजेता थंडर स्ट्राइकर कुम्हारी को 20,000 रुपये और द्वितीय उपविजेता रही टीम एके47 को 10,000 रुपये की इनाम राशि प्रदान की गई।
