कुम्हारी। कुम्हारी के साप्ताहिक बाजार वार्ड क्रमांक 4 स्थित सार्वजनिक सह सामुदायिक शौचालय पिछले एक महीने से अधिक समय से बंद पड़ा है। बिजली कटौती और मोटर पंप खराब होने की वजह से इस पर ताला जड़ा हुआ है, जिसके कारण आसपास के रहवासियों और बाजार आने वाले लोगों को निस्तारी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, नगर पालिका द्वारा समय पर बिजली बिल का भुगतान न किए जाने के कारण बिजली विभाग ने कनेक्शन काट दिया था, जिससे करीब एक महीने तक वहां बिजली गुल रही। हाल ही में बिल भुगतान के बाद बिजली कनेक्शन तो दोबारा जोड़ दिया गया है, लेकिन अब मोटर पंप के खराब होने की नई समस्या सामने आ गई है। शौचालय के बंद रहने के कारण स्थानीय लोगों और बाजार आने-जाने वालों में भारी आक्रोश है।
लोगों ने बताया कि यह वार्ड का एक बेहद व्यस्ततम सार्वजनिक शौचालय है। पिछले एक महीने से इसके बंद रहने से हमारे घरों की महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। बाजार के दिन तो स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जब दूर-दूर से आने वाले लोग शौच के लिए भटकते नजर आते हैं। नगर पालिका को इस गंभीर समस्या का तुरंत समाधान निकालना चाहिए।
इस मामले में वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद उमाकांत साहू ने बताया कि बिजली कनेक्शन दोबारा जोड़ दिया गया है। बिजली चालू होने के बाद जब जांच की गई तो पता चला कि मोटर पंप भी खराब हो चुका है, जिसे रिपेयर भी करवाया गया। लेकिन अब बोरवेल में पानी कम और कीचड़ ज्यादा हो गया है, जिस वजह से पानी ऊपर नहीं आ रहा है। जैसे ही बोरवेल में पानी सुचारू रूप से आना शुरू हो जाएगा, शौचालय को जनता के लिए खोल दिया।
