कुम्हारी। बुधवार को कुम्हारी थाना अंतर्गत पुलिस ने अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा बेच रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.140 किलोग्राम गांजा, एक मोबाइल फोन और 4,000 रुपये नगद सहित कुल 60,000 रुपये की सामग्री जप्त की है।
थाना कुम्हारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड़े तरिया के पीछे एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी परमेश्वर महानंद (उम्र 38 वर्ष), निवासी रूप नगर, कुम्हारी को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से 55,000 रुपये कीमत का 1.140 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
आरोपी के विरुद्ध थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 310/2026, एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) एवं 27क के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है तथा न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है।
इस सराहनीय कार्रवाई में उप निरीक्षक पारस सिंह ठाकुर, एएसआई विरेंद्र सिंह ठाकुर, परिवीक्षाधीन उप निरीक्षक नवीन सिदार और अन्य आरक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों की बिक्री या परिवहन की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
