साय सरकार ने किसानों को मिलने वाले खाद का भी व्यापारीकरण कर दिया – राकेश ठाकुर
कुम्हारी (दुर्ग)। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने बुधवार को कुम्हारी स्थित सेवा सहकारी समिति का औचक निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने उपार्जन केंद्रों की स्थिति का जायजा लिया और किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने सरकार पर आरोप लगाया कि उपार्जन केंद्रों से समय पर धान का उठाव न होने के कारण बारिश में धान सड़ने की स्थिति बन गई है। उन्होंने आगे कहा कि समितियों में यूरिया, डीएपी और सुपर फॉस्फेट जैसी आवश्यक खाद निर्धारित अनुपात में उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। इसके कारण किसानों को मजबूर होकर खुले बाजार से महंगे दामों पर खाद खरीदनी पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार व्यापारियों को लाभ पहुंचाने के लिए खाद का बाज़ारीकरण कर रही है।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुम्हारी के अध्यक्ष मनहरण यादव ने भी समिति में चल रही अव्यवस्थाओं और व्यापारियों द्वारा की जा रही कालाबाज़ारी पर खुलकर अपनी बात रखी। मनहरण यादव ने कहा कि जब किसानों को बुआई के समय खाद की सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब उन्हें समितियों से पर्याप्त खाद नहीं दी गई। विवश होकर किसानों ने निजी दुकानों से दो गुने दामों पर खाद खरीदी, जहाँ व्यापारियों ने उन्हें बिना पक्के बिल के कम रेट की पर्ची दी और आधार कार्ड जमा करवा लिए। अब वही आधार डेटा दर्ज कर दिखाया जा रहा है कि किसानों का कोटा पूरा हो चुका है, जिससे जरूरतमंद किसान समिति के लाभ से वंचित हो गए हैं।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समिति में खाद की आपूर्ति तुरंत बहाल नहीं की गई और धान का उठाव शुरू नहीं हुआ, तो जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान कुम्हारी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनहरण यादव, पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेश्वर सोनकर, प्रमोद सिंह राजपूत, प्रतिपक्ष श्रीमती जानकी ध्रुव, श्रीमती रीना साहू, पार्षद ओमनारायण वर्मा, विकास सोनकर, आजुराम वर्मा, अनिल दुबे, काजू भाई, युवराज साहू, देवेंद्र साहू, दिलीप चौधरी, गिरीश सोनी, रोहित कुर्रे, लक्ष्मीनारायण मारकंडे, कमल कामलेशिया, सुनील शुक्ला एवं विजय वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
