व्हाइट टाइगर बनी केपीएल सीजन-3 की चैंपियन

हमारे WhatsApp Group से जुड़ें 👉 Join Now

कुम्हारी। रविवार को मिनीमाता स्टेडियम में खेले गए कुम्हारी प्रीमियर लीग सीजन-3 के रोमांचक फाइनल मुकाबले में व्हाइट टाइगर ने सुनील स्टनर को 6 विकेट से हराकर खिताबी जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए सुनील स्टनर की टीम 11.4 ओवरों में 94 रनों पर सिमट गई, जिसमें स्वयं पांडे ने सर्वाधिक 35 रन बनाए। जवाब में व्हाइट टाइगर ने धर्मेंद्र यादव की मात्र 16 गेंदों में 7 छक्कों से सजी 49 रनों की आतिशी नाबाद पारी की बदौलत 9 ओवरों में ही 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।


समापन समारोह में मुख्य अतिथि यश वर्मा, नगर पालिका उपाध्यक्ष प्रमोद सिंह राजपूत, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजेश्वर सोनकर, पार्षद लेखराम साहू और पूर्व पार्षद मनहरण यादव की गरिमामयी उपस्थिति में पुरस्कार बांटे गए।

प्रतियोगिता की विजेता टीम व्हाइट टाइगर को 1 लाख रुपये और उपविजेता सुनील स्टनर को 50 हजार रुपये की नकद राशि व ट्रॉफी प्रदान की गई। इसके साथ ही तीसरे स्थान पर रही राधे 11 को 25 हजार रुपये तथा चौथे स्थान की टीम आजाद हिंद जंजगीरी को 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।

टूर्नामेंट के सफल आयोजन में कुम्हारी प्रीमियर लीग की आयोजन समिति की भूमिका सराहनीय रही। समिति के सदस्य मुकेश पटेल, सुमित खोडियार, लक्की निर्मलकार और विकास शुक्ला की देखरेख में पूरा टूर्नामेंट बेहद अनुशासित और भव्य तरीके से संपन्न हुआ। मैदान पर मौजूद भारी संख्या में दर्शकों ने भी इस यादगार फाइनल मैच का भरपूर आनंद लिया और तालियों की गड़गड़ाहट से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

error: Content is protected !!