Durg news: जनहित के मुद्दों पर सेवा संकल्प समिति ने कुम्हारी सीएमओ को सौंपा ज्ञापन

हमारे WhatsApp Group से जुड़ें 👉 Join Now

7 दिनों के भीतर कार्रवाई न होने पर दी उग्र आंदोलन और घेराव की चेतावनी

कुम्हारी। नगर में बढ़ती गंदगी, मच्छरों के प्रकोप, अवैध वसूली और भीषण गर्मी में पेयजल संकट जैसी गंभीर समस्याओं को लेकर स्थानीय सेवा संकल्प समिति ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को समिति के पदाधिकारियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को एक शिकायती एवं मांग पत्र सौंपकर जनहित में त्वरित कार्रवाई की मांग की है।


समिति ने आरोप लगाया कि नगर के अधिकांश वार्डों में नालियां जाम हैं और गंदगी का अंबार लगा हुआ है। बढ़ती गर्मी के साथ मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों और महामारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है। समिति ने तत्काल नियमित साफ-सफाई और फॉगिंग कराने की मांग की है।


ज्ञापन में कहा गया है कि भीषण गर्मी के बावजूद तकनीकी कारणों या बकाया के नाम पर नल कनेक्शन काटे जा रहे हैं। समिति ने इसे अमानवीय बताते हुए इस पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है ताकि किसी भी गरीब परिवार को पानी से वंचित न रहना पड़े।


पत्र में नगर पालिका के नाम पर सक्रिय वसूलीबाजों का जिक्र किया गया है। आरोप है कि कुछ तत्व मकान निर्माण रोकने और नल काटने की धमकी देकर नागरिकों से अवैध वसूली कर रहे हैं। समिति ने इसे नगर पालिका की विफलता बताते हुए दोषियों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
नगर के विभिन्न वार्डों में अवैध शराब की बिक्री और असामाजिक गतिविधियों पर भी अंकुश लगाने की मांग की गई है।

सेवा संकल्प समिति के अध्यक्ष प्रणव श्रीवास्तव और सचिव सुजीत यादव ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आगामी 7 दिनों के भीतर इन समस्याओं पर कोई ठोस और सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो समिति आम जनता के साथ मिलकर नगर पालिका कार्यालय का घेराव करेगी और उग्र धरना प्रदर्शन करेगी।


इस अवसर पर प्रणव श्रीवास्तव, सुजीत यादव, आलोक दुबे, हीरा सिन्हा, सुरेंद्र शर्मा, पुरेंद्र साहू, हरीश सोनी, भूपेंद्र मानिकपुरी, गोविंद बघेल, दीपक बैस, सौरभ पाण्डेय, आशीष शुक्ला, लोकेश साहू, होमेंद्र साहू, सूरज यादव, राजू निषाद, सुनील शाह, तिलक परिहार, गोविंद देवांगन, अमित नंदेश्वर, विकास सोनी, घनश्याम सोनकर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!