नशे में धुत नगरपालिका कचरा गाड़ी चालक ने मचाया उत्पात, पहले गाय को मारी टक्कर, फिर ट्रक से भिड़ी गाड़ी

हमारे WhatsApp Group से जुड़ें 👉 Join Now

वार्डवासियों में भारी आक्रोश, पुलिस और जनप्रतिनिधियों के साथ हुई तीखी नोकझोंक

कुम्हारी। नगर में सोमवार दोपहर एक बड़ी लापरवाही सामने आई, जब नगरपालिका की एक कचरा गाड़ी के चालक ने नशे की हालत में वाहन चलाते हुए सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। इस घटना में चालक ने पहले एक बेसहारा गाय को जोरदार टक्कर मारी और उसके बाद सामने से आ रहे एक ट्रक में जा घुसा। घटना के बाद वहां तनाव की स्थिति निर्मित हो गई और आक्रोशित कुछ वार्डवासियों ने नगरपालिका प्रशासन और पालिका अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे वार्ड क्रमांक चार महामाया रोड स्थित शिव मंदिर के समीप हुई। कचरा गाड़ी का चालक बाजार चौक की ओर से आ रहा था। बताया जा रहा है कि चालक पूरी तरह नशे में था और वाहन पर उसका नियंत्रण नहीं था।


सबसे पहले ड्राइवर ने धान मंडी, आलू प्याज दुकान के पास सड़क किनारे बैठी एक गाय को अपनी चपेट में लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाय हवा में उछलकर दूर जा गिरी। गनीमत रही कि कुछ समय बाद गाय संभलकर खड़ी हो गई।


कचरा गाड़ी का चालक इस कदर नशे में था कि उसे सामने से आती गाड़ियों का भी अंदाजा नहीं था। केडिया की ओर से आ रहे ट्रक के चालक ने जब देखा कि कचरा गाड़ी अनियंत्रित तरीके से उसकी ओर आ रही है, तो उसने अपनी गाड़ी की गति धीमी कर ली ताकि टक्कर से बचा जा सके।


इसके विपरीत, नशे में धुत कचरा गाड़ी के चालक ने अपनी रफ्तार कम करने के बजाय लापरवाही जारी रखी और सीधे ट्रक में जा घुसा। ट्रक ड्राइवर की सतर्कता के बावजूद कचरा गाड़ी चालक की भारी चूक के कारण यह भिड़ंत हुई, जिससे कचरा गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक स्वयं भी चोटिल हो गया।


इस भिड़ंत में कचरा गाड़ी के चालक को गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद उसे पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए ले जाया गया है।


हादसे के बाद वार्ड नंबर चार के निवासियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। लोगों का आरोप है कि नगरपालिका के ड्राइवर अक्सर ड्यूटी के दौरान नशे में रहते हैं, जिससे बड़ी अनहोनी का खतरा बना रहता है।


एक स्थानीय निवासी ने कहा कि नगरपालिका प्रशासन की लापरवाही के कारण आज किसी मासूम की जान भी जा सकती थी। नशे में धुत चालकों को वाहन सौंपना आम जनता की जान से खिलवाड़ है।
घटनास्थल पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों और वार्डवासियों के बीच तीखी बहस और कहासुनी हुई। स्थिति को संभालने पहुंची पुलिस के साथ भी कुछ वार्डवासी उलझते नजर आए।

इसी हंगामे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर कुछ अज्ञात लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी की बैटरी और जैक भी पार कर दिया।


वार्डवासियों ने मांग की है कि लापरवाह चालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और ड्यूटी के दौरान नशे का सेवन करने वाले कर्मचारियों पर अंकुश लगाया जाए।

error: Content is protected !!