आज उपमुख्यमंत्री साव करेंगे कुम्हारी में अटल परिसर का लोकार्पण, परियोजना लोकार्पण से ठीक पहले विवादों में

हमारे WhatsApp Group से जुड़ें 👉 Join Now

कुम्हारी। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव आज, गुरुवार दोपहर 3 बजे नगर पालिका परिषद कुम्हारी क्षेत्रान्तर्गत वार्ड क्रमांक-15 में नवनिर्मित अटल परिसर का लोकार्पण करेंगे। हालांकि, लोकार्पण समारोह से ठीक पहले यह परियोजना विवादों में घिर गई है।

लोकार्पण से पहले विवादों में अटल परिसर

लोकार्पण से पहले ही अटल परिसर विवादों के घेरे में आ गया है। स्थानीय कांग्रेस पार्षद लेखराम साहू ने गंभीर सवाल उठाते हुए टिप्पणी की कि जिस स्थान पर अटल परिसर बनाया गया है, वहाँ पहले एक योगा मंच हुआ करता था। उन्होंने कहा, यह बहुत बड़ा विषय है कि योगा मंच को तोड़कर अटल परिसर बनाया गया, जबकि आस-पास में जगह उपलब्ध थी। जब उप मुख्यमंत्री जैसे पद वाले इसका लोकार्पण करेंगे, तो यह और भी बड़ा विषय होगा। उन्होंने इस मामले को जांच का विषय बताते हुए एक ही जगह पर डबल पैसा खर्च होने का आरोप लगाया।

पूर्व कांग्रेस पार्षद मनहरण यादव ने भी इसी बात पर टिप्पणी करते हुए पूछा कि योगा मंच के ऊपर ही अटल जी की मूर्ति स्थापित की जा रही है, तो योगा मंच पर खर्च हुई निधि की राशि का क्या होगा? उन्होंने भी मामले की जांच की मांग की है।

भाजपा नेता ने भी उठाए सवाल गलत जगह का चयन

वरिष्ठ भाजपा नेता रामाधार शर्मा ने भी इस विषय पर आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब अटल परिसर को अलग स्थान पर बनाया जाना था, तो इसे योगा मंच पर क्यों बनाया गया? शर्मा ने कहा कि वार्ड निवासियों ने मंगल भवन के सामने तिराहा जगह को सर्वसम्मति से निर्धारित किया था, लेकिन पार्षद की मनमानी के चलते योगा मंच को तोड़कर अटल परिसर बनाया गया।
शर्मा ने इसे भी जांच का विषय बताते हुए कहा कि यदि मंगल भवन के सामने त्रिभुज जगह में यह परिसर बनता तो हजारों लोग प्रतिदिन अटल जी की मूर्ति को देखते और नमन करते। उन्होंने कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की मूर्ति की स्थापना कुम्हारी निवासियों के लिए गर्व की बात है, लेकिन जगह का चयन गलत हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि अटल परिसर के लिए 30 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं और उन्होंने खर्च हुई राशि की जानकारी के लिए पालिका में आवेदन भी लगाया है।

अब उप मुख्यमंत्री के संज्ञान का इंतजार

आज सभी की निगाहें इस बात पर टिकी होंगी कि उप मुख्यमंत्री अरुण साव इस पूरे मामले में क्या संज्ञान लेते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे ये गणमान्य

कार्यक्रम की अध्यक्षता विजय बघेल, सांसद-लोकसभा क्षेत्र, दुर्ग करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भूपेश बघेल, विधायक-पाटन विधानसभा क्षेत्र और डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, विधायक-अहिवारा विधानसभा क्षेत्र उपस्थित रहेंगे। विशेष अतिथि के रूप में श्रीमती मीना वर्मा (अध्यक्ष-नगर पालिका परिषद कुम्हारी), डिकेश पटेल (लोक निर्माण विभाग प्रभारी-न.पा.प. कुम्हारी), प्रमोद सिंह राजपूत (उपाध्यक्ष-नगर पालिका परिषद कुम्हारी) एवं अनुराग गुप्ता (पार्षद वार्ड क्रमांक-15, न.पा.प. कुम्हारी) भी उपस्थित रहेंगे।

error: Content is protected !!