कपसदा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कपसदा की छात्रा कुमारी उन्नति यादव ने दसवीं बोर्ड परीक्षा में शानदार 95.5% अंक हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे ग्राम कपसदा और अपने विद्यालय को गौरवान्वित किया है। उन्नति ने यह असाधारण उपलब्धि अपने दिवंगत पिता स्व. सोनू यादव और माता श्रीमती त्रिवेणी यादव के आशीर्वाद और अपने अथक परिश्रम से प्राप्त की है।
उन्नति की इस सफलता पर पूरे कपसदा गांव में खुशी का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि को देखते हुए, पूर्व शाला विकास समिति के अध्यक्ष डामल दास मानिकपुरी, उपाध्यक्ष नोहर दास मानिकपुरी, साथ ही शशि प्रकाश निर्मल, संतोष निर्मल और चेतन साहू ने उन्नति के घर जाकर उनसे मुलाकात की। सभी ने उन्नति को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और बधाई दी।
इस अवसर पर, समिति के सदस्यों ने उन्नति की सफलता के पीछे के मार्गदर्शक रहे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कपसदा के सभी शिक्षकगणों को भी बधाई दी, जिनके मार्गदर्शन और मेहनत से विद्यार्थियों को ऐसी सफलताएं मिल रही हैं। उन्नति की यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है, जो लगन और कड़ी मेहनत से बड़े लक्ष्य हासिल करने का सपना देखते हैं।