सात्विक समाचार इम्पैक्ट: खबर वायरल होते ही बाइक छोड़ भागा चोर

हमारे WhatsApp Group से जुड़ें 👉 Join Now

ग्रामीणों की सजगता से 5 दिनों में बरामद हुई पल्सर

कुम्हारी। पत्रकारिता जब समाज की आवाज बनती है, तो उसके परिणाम धरातल पर दिखाई देते हैं। कुम्हारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीते बुधवार को हुई बाइक चोरी के मामले में सात्विक समाचार की रिपोर्टिंग का बड़ा असर देखने को मिला है। मात्र 5 दिनों के भीतर चोरी हुई बजाज पल्सर NS बाइक बरामद कर ली गई है।

घटनाक्रम के अनुसार, बीते बुधवार 25 फरवरी की रात करीब 10 बजे धमधा रोड स्थित चोरहा नाला के पास एक शादी समारोह में शामिल होने आए व्यक्ति की बजाज पल्सर NS गाड़ी क्रमांक CG04PN5852 अज्ञात चोरों ने पार कर दी थी।

पीड़ित ने सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर गाड़ी लॉक करके खड़ी की थी, लेकिन क्षेत्र में पसरे घुप अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों ने लॉक तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली।


घटना के बाद सात्विक समाचार ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया और विस्तृत रिपोर्ट साझा की। सोशल मीडिया पर यह खबर इतनी तेजी से वायरल हुई कि क्षेत्र के लाखों लोगों तक पहुँच गई। खबर के व्यापक प्रसार और जनता के बीच बढ़ते दबाव के कारण चोर घबरा गया। पकड़े जाने के डर से अज्ञात चोर बाइक को एक सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गया।

सोमवार 2 मार्च को सात्विक समाचार की टीम को एक जागरूक ग्रामीण का फोन आया। सूचना मिली कि चोरहा नाला के पास मुरूम वाले खाली मैदान में एक लावारिस बाइक खड़ी है। मौके पर पहुँचने पर पुष्टि हुई कि यह वही चोरी की गई बाइक है। हालांकि, चोरों ने गाड़ी का लॉक तोड़ दिया था और वायरिंग काट दी थी, लेकिन गाड़ी सुरक्षित मिल गई।

ग्रामीण की तत्परता से पुलिस को भी सूचना दी गई, जिसके बाद वाहन को थाने ले जाया गया। आवश्यक कागजी कार्यवाही और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मंगलवार 03 मार्च को बाइक उसके असली मालिक को सौंप दी गई है। अपनी खोई हुई बाइक वापस पाकर पीड़ित ने सात्विक समाचार और जागरूक नागरिकों का आभार व्यक्त किया है। फिलहाल अज्ञात चोर पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

सात्विक समाचार की अपील: अपने आस-पास होने वाली घटनाओं के प्रति सजग रहें और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें। पत्रकारिता और जनता का यही मेल अपराध मुक्त समाज की नींव है।

error: Content is protected !!