धान खरीदी केंद्र में गड़बड़ी की शिकायत निर्धारित से अधिक था वजन

हमारे WhatsApp Group से जुड़ें 👉 Join Now

कुम्हारी। कुम्हारी स्थित सेवा सहकारी समिति धान खरीदी केंद्र में तौल में गड़बड़ी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। किसानों का आरोप है कि केंद्र में व्यापक पैमाने पर गड़बड़ी की जा रही है। किसानों के अनुसार, उनके धान को नियमानुसार बोरी वजन से अधिक लिया जा रहा है। जब किसानों ने स्वयं तौले गए बोरे का वजन किया तो पाया कि अधिकांश बोरे में 41 किलो 220 ग्राम से 41 किलो 380 ग्राम के बीच धान था, जो कि निर्धारित वजन से अधिक है।
एक किसान ने बताया कि अगर हर बोरी में औसतन 300 ग्राम अधिक धान लिया जा रहा है तो 100 बोरे पर 30 किलो का नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है। अभी तक कितने बोरे की खरीद हो चुकी है, इस पर विचार करते हुए किसानों का कुल नुकसान काफी अधिक हो सकता है। किसानों का आरोप है कि यह सब जानबूझकर किया जा रहा है।
राज्य सरकार के नियमों के अनुसार, धान की एक बोरी का वजन 40 किलो होना चाहिए और बारदाने के साथ 40 किलो 700 ग्राम से ज्यादा या काम नहीं होना चाहिए। गुरुवार को एक किसान जब धान बेचने के लिए केंद्र आया तो उसे इस गड़बड़ी का पता चला। उसने देखा कि वजन के समय बोरे में निर्धारित वजन से अधिक धान लिया जा रहा था। इसके बाद अन्य किसानों के बोरे भी तौल कर देखा जिनमें वजन अधिक पाया। इस पर किसान ने केंद्र में हंगामा शुरू कर दिया। वहीं प्रबंधक का कहना था कि किसान जो अपने धान स्वयं तौलकर ला रहा है उसमें वजन में फर्क आ रहा है वैसे वजन में कोई गड़बड़ी नही है।

error: Content is protected !!