कुम्हारी/दुर्ग: दुर्ग पुलिस ने कुम्हारी क्षेत्र में हुई एक अज्ञात महिला की अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है। लगभग डेढ़ महीने की कड़ी मशक्कत, तकनीकी विश्लेषण और 1000 से अधिक लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी महाराजा देवार उर्फ राजा (22 वर्ष) कुम्हारी का ही निवासी है।
मामला 17 जनवरी 2026 का है, जब कुम्हारी थाना अंतर्गत केवल्य धाम के पीछे परसदा खार स्थित एक खेत में अज्ञात महिला का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया।
इस चुनौतीपूर्ण मामले को सुलझाने के लिए दुर्ग पुलिस ने 5 विशेष टीमों का गठन किया था। जांच का दायरा इतना विस्तृत था कि:
- 1000 से अधिक लोगों से प्रत्यक्ष पूछताछ की गई।
- 100 घंटे से ज्यादा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
- लाखों कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) का बारीकी से तकनीकी विश्लेषण किया गया।
- फील्ड टीमों ने सुबह 5 बजे से देर रात तक लगातार वेरिफिकेशन और पहचान की कार्यवाही की।
पुलिस पूछताछ में आरोपी महाराजा देवार ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। आरोपी ने बताया कि वह महिला को बहला-फुसलाकर खेत की ओर ले गया था। वहां उसने महिला के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया, लेकिन महिला द्वारा कड़ा विरोध किए जाने पर उसने गुस्से में आकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया।
इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने में कुम्हारी थाना प्रभारी, विवेचना अधिकारी, ACCU और साइबर सेल की टीम ने सराहनीय भूमिका निभाई। दुर्ग पुलिस ने इस सफलता के साथ ही आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या गुमशुदगी की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
