तोते को लेकर विवाद: घर में घुसकर दंपति ने की मारपीट, महिला घायल

हमर व्हाट्सएप चैनल ले जुड़व Join Now

कुम्हारी। ग्राम जंजगिरी में एक तोता विवाद को लेकर हिंसक झड़प हुई, जिसमें एक महिला घायल हो गई। यह घटना साईं निवास कॉलोनी के पास हुई, जहाँ एक व्यापारी के घर में डेढ़ महीने पहले एक घायल तोता आया था, जिसका उन्होंने इलाज किया और उसे ठीक होने तक पाला।


जानकारी के अनुसार, तारतम ट्रेडर्स के मालिक, जो ग्राम जंजगिरी के वार्ड क्रमांक 19 में रहते हैं, के घर में 2 सितंबर 2025 को शाम 7:30 बजे एक महिला आई। उस समय व्यापारी की पत्नी सविता चौहान और उनका भाई कुणाल चौहान घर पर थे। महिला ने दावा किया कि तोता उसका है और उसे वापस माँगा। सविता चौहान ने बताया कि उन्होंने घायल तोते का इलाज किया था।
तोता वापस न देने पर, महिला ने अपने पति रविंद्र कुशवाहा को बुलाया। व्यापारी, जो अपनी दुकान पर थे, उन्हें अपनी पत्नी ने फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वे भी घर पहुँचे।


कुशवाहा दंपति ने जबरदस्ती तोता माँगा और गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने धमकी दी कि अगर तोता नहीं दिया तो वे जान से मार देंगे। इसके बाद, दोनों ने सविता चौहान के साथ मारपीट शुरू कर दी। व्यापारी और उनके भाई कुणाल चौहान ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया।


मारपीट के बाद, रविंद्र और अंजु कुशवाहा तोते को जबरन अपने साथ ले गए। मारपीट के कारण सविता चौहान को सीने, पीठ और पसलियों में दर्द हुआ, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए एम्स हॉस्पिटल, टाटीबंध, रायपुर ले जाया गया।


3 सितंबर 2025 को व्यापारी ने मारपीट करने वाले पति-पत्नी का पता लगाया, जिनकी पहचान रविंद्र कुशवाहा और अंजु कुशवाहा के रूप में हुई। वे साईं विलास कॉलोनी, मकान नंबर सी-105, जंजगिरी में रहते हैं। व्यापारी ने इसके बाद पुलिस थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की माँग की है।

हमर व्हाट्सएप चैनल ले जुड़व Join Now
error: Content is protected !!