मुख्य अतिथि तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू ने समाज को किया संबोधित, योजनाओं की दी जानकारी
कुम्हारी। नगर इकाई साहू संघ कुम्हारी द्वारा रविवार, 5 अप्रैल 2026 को भक्त माता कर्मा महोत्सव समारोह का आयोजन किया गया। इस महोत्सव में आस्था, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में भव्य कलश यात्रा, ध्वजारोहण, दीप प्रज्ज्वलन, माता कर्मा की महाआरती और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई।

समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अहिवारा तहसील साहू संघ के अध्यक्ष ढालसिंह साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में कुम्हारी नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना वर्मा, परिक्षेत्रीय उपाध्यक्ष मुरारीलाल साहू, पार्षद उमाकांत साहू, अश्वनी देशलहरे, श्रीमती उमेश्वरी साहू, हरिदास वैष्णव सहित तहसील पदाधिकारी महादेव साहू, सी.एल. साहू, बलराम साहू और निकलेश साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ आतिशबाजी और समाज के ध्वज फहराने के साथ हुआ। तत्पश्चात अतिथियों ने माता कर्मा के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

महोत्सव के दौरान समाज की महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भव्य कलश यात्रा निकाली। यह यात्रा माता कर्मा भवन से शुरू होकर शीतला मंदिर तक पहुँची, जिसे मुख्य अतिथि जितेंद्र साहू ने झंडा दिखाकर प्रस्थान कराया। इस अवसर पर मातृशक्ति और युवाओं की भारी उपस्थिति ने समाज की एकजुटता का परिचय दिया। कर्मा भवन प्रांगण में मुख्य अतिथि द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया।
अपने संबोधन के दौरान जितेंद्र साहू ने समाज की एकता और गौरव पर बल देते हुए कहा कि माता कर्मा हमारे मान-सम्मान का प्रतीक हैं। उन्होंने तेलघानी बोर्ड के माध्यम से समाज के आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष चर्चा की। उन्होंने जानकारी दी कि सरकार तेल उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए तेलघानी मशीन लगाने पर भारी सब्सिडी प्रदान कर रही है, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 35,000 रुपये और शहरी क्षेत्रों के लिए 25,000 रुपये की सहायता राशि शामिल है। ताकि युवा वर्ग कृषि और स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सके।

जितेंद्र साहू ने सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार करते हुए साहू समाज द्वारा शुरू किए गए आदर्श विवाह की परंपरा की सराहना की, जिसकी नींव 51 वर्ष पूर्व महासमुंद के मुनगासेर से रखी गई थी। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष मीना वर्मा ने कहा कि समाज की उन्नति उसके संगठित होने पर निर्भर करती है। उन्होंने आदर्श सामूहिक विवाह कार्यक्रमों को फिजूलखर्ची रोकने और समाज में समानता लाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम बताया। उन्होंने गर्व व्यक्त किया कि आज साहू समाज राजनीति, शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ढालसिंह साहू ने बच्चों को अच्छे संस्कार देने और समाज को मजबूत बनाने पर जोर दिया। महोत्सव में समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें समाज द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में भोजन भंडारा आयोजित हुआ।

इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में नगर अध्यक्ष अशोक साहू के नेतृत्व में टिकेंद्र साहू, देवानंद साहू, देवेंद्र साहू, तामेश्वर साहू, दुर्गा साहू, श्रीमती मीना, सोहद्रा, उषा, श्यामा साहू, पदमा साहू, युवराज साहू, चंदू साहू सहित समाज के वरिष्ठ जनों का विशेष योगदान रहा। अंत में अशोक साहू द्वारा सभी का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

