कुम्हारी। मंगलवार को सियान सदन, कुम्हारी में प्रांतीय राजीव लोचन साहित्य संस्था की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार मुरारी लाल साव ने की, जिसमें वरिष्ठ साहित्यकार एवं संपादक रामेश्वर शर्मा का विशेष आतिथ्य रहा। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 21 सितंबर, 2025 को भाटापारा (जिला बलौदाबाजार) में आयोजित होने वाले कवि सम्मेलन की रूपरेखा तैयार करना था, जिसे “पुरखा के सुरता” नाम दिया गया है। इस दौरान, आयोजन से संबंधित विभिन्न जिम्मेदारियों के लिए नामों का चयन किया गया, जिसमें बैनर, आमंत्रण, प्रकाशन और स्वागत व्यवस्था जैसे कार्य शामिल थे।
इस सम्मेलन के माध्यम से भाटापारा के उन मूर्धन्य साहित्यकारों को याद किया जाएगा, जिन्होंने साहित्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इनमें स्व. फूलचंद चोपड़ा, स्व. विश्वेंद्र ठाकुर, स्व. डॉ. शिवकुमार भृगु, स्व. शीतल प्रसाद शर्मा, स्व. संतराम साहू, स्व. अनंत साव, स्व. हरपाल कांत और स्व. घनश्याम रामपुरी शामिल हैं। इस विशेष अवसर पर, भाटापारा के वरिष्ठ साहित्यकार ठाकुर बलदेव भारती को राजीव लोचन साहित्य रत्न सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई, जिसमें संस्था के प्रांताध्यक्ष ऋषि कुमार साव, महिला प्रकोष्ठ की प्रांताध्यक्ष श्रीमती कल्याणी तिवारी, संरक्षकगण रामेश्वर शर्मा, मुरारी लाल साव, डॉ. राजेंद्र पाटकर, प्रांतीय सचिव डॉ. इंद्रदेव यदु और प्रेस क्लब ऑफ कुम्हारी के अध्यक्ष, रंगकर्मी एवं साहित्यकार विक्रम शाह ठाकुर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।