कुम्हारी में 4 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

हमारे WhatsApp Group से जुड़ें 👉 Join Now

कुम्हारी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना कुम्हारी पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की टीम ने संयुक्त रूप से एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.100 किलोग्राम अवैध गांजा, एक बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल, एक आईफोन और ₹20,000 नगद समेत कुल ₹2.90 लाख मूल्य की सामग्री जब्त की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सूरज कुमार कोसले (20 वर्ष) और सतीश ठाकुर (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कुंदरापारा, पोटिया (थाना पद्मनाभपुर, जिला दुर्ग) के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुम्हारी क्षेत्र अंतर्गत कुकदा रोड स्थित सार्थक होम के सामने, बिजली ट्रांसफार्मर के पास दो युवक मोटरसाइकिल पर अवैध गांजा रखकर उसे बेचने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से 4.100 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग ₹2,05,000 आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे वहां गांजा बिक्री के लिए ही ग्राहक का इंतजार कर रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि दोनों आरोपी कम समय में अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा का संग्रहण एवं बिक्री कर रहे थे। फिलहाल, पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा की यह खेप उन्हें कहां से प्राप्त हुई थी और इस अवैध नेटवर्क में अन्य कौन-कौन से लोग शामिल हैं। इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई में थाना कुम्हारी पुलिस स्टाफ एवं एसीसीयू टीम की महत्वपूर्ण व सराहनीय भूमिका रही, जिन्होंने नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी प्रहार किया है।

error: Content is protected !!