कुम्हारी महाविद्यालय में छात्रों को किया नशा मुक्त रहने के लिए जागरूक

हमारे WhatsApp Group से जुड़ें 👉 Join Now

कुम्हारी। स्व. बिंदेश्वरी बघेल शासकीय महाविद्यालय, कुम्हारी में यूथ रेड क्रॉस सोसाइटी ने ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना और उन्हें नशा मुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट सुश्री अपूर्वा चौधरी ने नशे की लत के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया।

उन्होंने बताया कि कैसे नशे की लत व्यक्ति के जीवन को बर्बाद कर सकती है। इसके अलावा, चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुष्पक नागवंशी ने मादक पदार्थों की आसान उपलब्धता और नियमित सेवन से होने वाले खतरों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।

इस प्रतियोगिता में छात्रों ने नशे के विरुद्ध अपने विचारों को रंगों के माध्यम से व्यक्त किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रीमा, द्वितीय स्थान अभिमन्यु, चांदनी और संतोष तथा तृतीय स्थान प्रियंका शैली, झरना और गंगोत्री को मिला। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सोनिता सत्संगी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा मुक्त रहना हर किसी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे न केवल स्वयं नशा से दूर रहें बल्कि अपने आसपास के लोगों को भी नशे के खतरों के बारे में जागरूक करें। कार्यक्रम का संचालन रेड क्रॉस प्रभारी डॉ. एन. जयश्री ने किया। उन्होंने कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों और छात्रों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी अधिकारी, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!